एक महिला से छेड़छाड़ करने वालों का विरोध करने वाले चार युवक हमले का शिकार बने। बरानगर थाना अंतर्गत 10 नंबर वार्ड देशबंधु नगर रोड अंचल में बीती रात दो गुटों में मारपीट हुई। जिसमें चार प्रतिवादियों का सिर फूट गया। उनमें से एक की हालत गंभीर है। उसका इलाज सागर दत्त अस्पताल में चल रहा है। शनिवार को बरानगर थाना में हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पीड़ित महिला ने बताया कि बीएलओ से अन्नपूर्णा योजना के विषय में जानकारी ले रही थी। तभी जगजीत सिंह ने पीछे से आकर उसे जकड़ लिया। वह नशे में था। विरोध करने पर जगदीश सिंह के समर्थक वहां पहुंच गए। उन्होंने प्रतिवादियों को बुरी तरह से पीटा।
